Sahitya Studio

द्वाभा के एकाकी प्रेमी

सुमित्रानंदन पंत

द्वाभा के एकाकी प्रेमी,
नीरव दिगन्त के शब्द मौन,
रवि के जाते, स्थल पर आते
कहते तुम तम से चमक--कौन?
::सन्ध्या के सोने के नभ पर
::तुम उज्ज्वल हीरक सदृश जड़े,
::उदयाचल पर दीखते प्रात
::अंगूठे के बल हुए खड़े!
अब सूनी दिशि औ’ श्रान्त वायु,
कुम्हलाई पंकज-कली सृष्टि;
तुम डाल विश्व पर करुण-प्रभा
अविराम कर रहे प्रेम-वृष्टि!
::ओ छोटे शशि, चाँदी के उडु!
::जब जब फैले तम का विनाश,
::तुम दिव्य-दूत से उतर शीघ्र
::बरसाओ निज स्वर्गिक प्रकाश!

More by सुमित्रानंदन पंत