Sahitya Studio

कवि किसान

सुमित्रानंदन पंत

जोतो हे कवि, निज प्रतिभा के
:फल से निष्ठुर मानव अंतर,
चिर जीर्ण विगत की खाद डाल
:जन-भूमि बनाओ सम सुंदर।

बोओ, फिर जन मन में बोओ,
:तुम ज्योति पंख नव बीज अमर,
जग जीवन के अंकुर हँस हँस
:भू को हरीतिमा से दें भर।
पृथ्वी से खोद निराओ, कवि,
:मिथ्या विश्वासों के तृण खर,
सींचो अमृतोपम वाणी की
:धारा से मन, भव हो उर्वर।

नव मानवता का स्वर्ण-शस्य-
:सौन्दर्य लवाओ जन-सुखकर,
तुम जग गृहिणी, जीवन किसान,
:जन हित भंडार भरो निर्भर।

रचनाकाल: जनवरी’ ४०

More by सुमित्रानंदन पंत