Sahitya Studio

मैं एहवाल-ए-दिल मर गया कहते कहते

मोमिन ख़ाँ मोमिन

मैं एहवाल-ए-दिल मर गया कहते कहते
थके तुम न "बस, बस, सुना!" कहते कहते

मुझे चुप लगी मुद्द'आ कहते कहते,
रुके हैं वो क्या जाने क्या कहते कहते

ज़बाँ गुंग है इश्क़ में गोश कर है,
बुरा सुनते-सुनते भला कहते कहते

शब-ए-हिज्र में क्या हजूम-ए-बला है,
ज़बाँ थक गई मरहबा कहते कहते

गिला हर्ज़ा-गर्दी का बेजा न था कुछ,
वो क्यूँ मुस्कुराये बजा कहते कहते

सद अफ़सोस जाती रही वस्ल की शब ,
"ज़रा ठहर ऐ बेवफ़ा" कहते कहते

चले तुम कहाँ मैंने तो दम लिया था,
फ़साना दिल-ए-ज़ार का कहते कहते

सितम हाय! गर्दूँ मुफ़स्सिल न पूछो,
कि सर फिर गया माजरा कहते कहते

नहीं या सनम 'मोमिन' अब कुफ़्र से कुछ,
कि ख़ू हो गई है सदा कहते कहते

More by मोमिन ख़ाँ मोमिन