Sahitya Studio

तहों में दिल के जहां कोई वारदात हुई

फ़िराक़ गोरखपुरी

तहों में दिल के जहां कोई वारदात हुई
हयाते-ताज़ा से लबरेज़ कायनात हुई

तुम्हीं ने बाएसे-ग़मबारहा किया दरयाफ़्त
कहा तो रूठ गये यह भी कोई बात हुई

हयात राज़े-सुकूँ पा गयी अजल ठहरी
अजल में थोड़ी-सी लर्ज़िश हुई हयात हुई

थी एक काविशे-बेनाम दिल में फ़ितरत के
सिवा हुई तो वही आदमी की ज़ात हुई

बहुत दिनों में महब्ब़त को यह हुआ मालूम
जो तेरे हिज़्र में गुज़री वो रात रात हुई

'फ़ि‍राक़' को कभी इतना ख़मोश देखा था
ज़रूर ऐ निगहे-नाज़ कोई बात हुई

More by फ़िराक़ गोरखपुरी