Sahitya Studio

काहे को ब्याही बिदेस

अमीर खुसरो

काहे को ब्याही बिदेस, सुन बाबुल मोरे
भइयों को दीन्हे महलों दो-महले
हम को दीन्ही परदेस, सुन बाबुल मोरे

हम तो हैं बाबुल तोरे खूँटे की गइयाँ
जित हाँको तित जायं, सुन बाबुल मोरे

हम तो हैं बाबुल तोरे बेले की कलियाँ
घर-घर माँगे जायं, सुन बाबुल मोरे

हम तो हैं बाबुल तोरे पिंजरे की चिड़ियाँ
भोर भये उड़ जायं, सुन बाबुल मोरे

ताक-तले की मेरी गुड़िया जो छूटी
छूटा सहेलिन का साथ, सुन बाबुल मोरे

कोठे-तले से पलकिया जो निकली
बीरन ने खाई पछाड़, सुन बाबुल मोरे

डोली का परदा उठा कर जो देखा
आया पिया का देस, सुन बाबुल मोरे

More by अमीर खुसरो