ग़ज़ल

भेंट

सियारामशरण गुप्त · सब कलाम देखें
करो नाथ, स्वीकार आज इस हृदय-कुसुम को;करें और क्या भेंट राजराजेश्वर तुमको?सौरभ की है कमी, कहाँ पर उसको पावें?सुन्दरता है नहीं, कहाँ से वह भी लावें?
नहीं आपके योग्य भेंट यह ध्रुव निश्चय है;पर जैसी है आज वही सम्मुख सविनय है।इष्ट नहीं यह करो कि धारण इसे हृदय पर।निज मंदिर में ठौर कहीं इसको दो प्रभुवर।
तब पद-छाया अकस्मात जिस दिन पावेगा,तुच्छ कुसुम यह राज कुसुम से बढ जावेगा।अंतहीन सुवसंत इसे विकसित कर देगा,निरुपमेय सौन्दर्य-सुरभि इसमें भर देगा।
उस दिन गर्व समेत कह सकेंगे हम तुमसे-क्या अब भी है अरुचि तुम्हें इस वन्य कुसुम से?
स्रोत-सत्यापन प्रतीक्षित — This text is pending verification against an authoritative source and may contain errors.