Sahitya Studio

बाम पर आए कितनी शान से आज

रियाज़ ख़ैराबादी

बाम पर आए कितनी शान से आज
बढ़ गए आप आसमान से आज

किस मज़े की हवा में मस्ती है
कहीं बरसी है आसमान से आज

मैं ने छेड़ा तो किस अदा से कहा
कुछ सुनोगे मिरी ज़बान से आज

नीची दाढ़ी ने आबरू रख ली
क़र्ज़ पी आए इक दुकान से आज

कोई जा कर ‘रियाज़’ को समझाए
कुछ ख़फ़ा हैं वो अपनी जान से आज

More by रियाज़ ख़ैराबादी