Sahitya Studio

नाज़ुक हैं नज़ाकत का बयाँ हो नहीं सकता

रियाज़ ख़ैराबादी

नाज़ुक हैं नज़ाकत का बयाँ हो नहीं सकता
वो ऐसे हैं कुछ और गुमाँ हो नहीं सकता

तू और रह-ए-शाैक़ इस आहिस्ता-रवी से
अब साथ तिरा उम्र-ए-रवाँ हो नहीं सकता

मैं और शब-ए-वस्ल कहूँ क्या तिरे दिल की
हो मुँह में मिरे तेरी ज़बाँ हो नहीं सकता

बन जाती है हर बात जो मौक़ा भी ख़ुदा दे
ये झूठ है सच अहद-ए-बुताँ हो नहीं सकता

जब लोगों में दोनों की बुज़ुर्गी है मुसल्लम
क्या शेख़-ए-हरम पीर-ए-मुग़ाँ हो नहीं सकता

हर राज़ में सौ बातें हैं हर बात में सौ राज़
अफ़्साना-ए-दिल हम से बयाँ हो नहीं सकता

हम ने भी ‘रियाज़’ आप के अशआर सुने हैं
ये लुत्फ़-ए-बयाँ लुत्फ़-ए-ज़बाँ हो नहीं सकता

More by रियाज़ ख़ैराबादी