दायम पड़ा हुआ तिरे दर पर नहीं हूँ मैं
मिर्ज़ा ग़ालिब
दायम पड़ा हुआ तिरे दर पर नहीं हूँ मैं
ख़ाक ऐसी ज़िंदगी पे कि पत्थर नहीं हूँ मैं
क्यूँ गर्दिश-ए-मुदाम से घबरा न जाए दिल
इंसान हूँ प्याला-ओ-साग़र नहीं हूँ मैं
या रब ज़माना मुझ को मिटाता है किस लिए
लौह-ए-जहाँ पे हर्फ़-ए-मुकर्रर नहीं हूँ मैं
हद चाहिए सज़ा में उक़ूबत के वास्ते
आख़िर गुनाहगार हूँ काफ़िर नहीं हूँ मैं
किस वास्ते अज़ीज़ नहीं जानते मुझे
लाल-ओ-ज़मर्रुद-ओ-ज़र-ओ-गौहर नहीं हूँ मैं
रखते हो तुम क़दम मिरी आँखों से क्यूँ दरेग़
रुतबे में मेहर-ओ-माह से कमतर नहीं हूँ मैं
करते हो मुझ को मनअ-ए-क़दम-बोस किस लिए
क्या आसमान के भी बराबर नहीं हूँ मैं
ग़ालिब वज़ीफ़ा-ख़्वार हो दो शाह को दुआ
वो दिन गए कि कहते थे नौकर नहीं हूँ मैं