Sahitya Studio

शिकवए-ग़म तेरे हुज़ूर किया

हसरत मोहानी

शिकवए-ग़म तेरे हुज़ूर किया
हमने बेशक बड़ा क़ुसूर किया

दर्दे-दिल को तेरी तमन्ना ने
ख़ूब सरमायाए-सरूर किया

नाज़े-ख़ूबाँ ने आ़शिक़ों के सिवा
आ़रिफ़ों को भी नासबूर किया

यह भी इक छेड़ है कि क़ुदरत ने
तुमको ख़ुद-बीं हमें ग़यूर किया

नूरे-अर्ज़ो-समा को नाज़ है यह
कि तेरी शक्ल में ज़हूर किया

आपने क्या किया कि 'हसरत' से-
न मिले, हुस्न का ग़रूर किया!

More by हसरत मोहानी